( A Government of India Undertaking )

  • Home
  • News & Events

   Latest News & Events

आईटीआई लिमिटेड, पंजीकृत एवं निगमित कार्यालय में हिंदी पखवाड़ा-2012 हर्षोल्‍लास के साथ आयोजित।

आईटीआई लिमिटेड की बेंगलूरु स्थित यूनिटों/कार्यालयों में दिनांक 01.09.2012 से 14.09.2012 तक हिंदी पखवाड़ा हर्षोल्‍लास के साथ मनाया गया। पखवाड़े के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विभिन्‍न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पखवाड़े का समापन समारोह बेंगलूरु स्थित यूनिटों/कार्यालयों हेतु संयुक्‍त रूप से दिनांक 14.09.2012 को आयोजित किया गया। समारोह की अध्‍यक्षता श्री के.एल.ढींगड़ा, अध्‍यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ने की और श्री अजय कुमार श्रीवास्‍तव, उप निदेशक-कार्यान्‍वयन, क्षेत्रीय कार्यान्‍वयन कार्यालय, बेंगलूरु मुख्‍य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। श्री एस.के.मित्रा, उप महाप्रबंधक-एन.एस.यू. एवं रा.भा. ने मुख्‍य अतिथियों का स्‍वागत किया।  

समापन समारोह के दौरान सांस्‍कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया जिसमें निगमित कार्यालय और नेटवर्क सिस्‍टम्‍स यूनिट के कर्मचारियों ने समूह गान प्रस्‍तुत किया तथा कार्यक्रम को और अधिक रूचिकर बनाने हेतु बेंगलूरु स्थित हिंदी के सम्‍मानित कवि श्री विमल खेबसेरा और श्री इंदुकांत अंगीरस ने हास्‍य एवं प्रेरणाप्रद रचनाओं से उपस्थित श्रोताओं का मन मोह लिया।

मुख्‍य अतिथि, श्री अजय कुमार श्रीवास्‍तव, उप निदेशक-कार्यान्‍वयन, क्षेत्रीय कार्यान्‍वयन कार्यालय, बेंगलूरु ने आधार व्‍याख्‍यान में राजभाषा से संबंधित अपने अनुभवों को श्रोताओं के साथ बांटा और कई महत्‍वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया। उन्‍होंने बताया कि आज के दौर में हिंदी संपर्क भाषा के रूप में स्‍थापित हो रही है जिसका दूरगामी परिणाम हमारे लिए बेहतर साबित होगा।

समारोह के अध्‍यक्ष, श्री के.एल.ढींगड़ा ने अपने अध्‍यक्षीय भाषण में राजभाषा को दैनिक कार्यो में प्रयोग करने का आह्ववान करते हुए सभी को हिंदी दिवस की बधाई दी। अध्‍यक्ष महोदय ने कहा कि राजभाषा के संबंध में बनाए गए अधिनियम, नियमों और समय-समय पर जारी किए गए आदेशों का पूरा अनुपालन करने के साथ-साथ हमें सरकारी काम-काज में भी हिंदी का अधिक-से-अधिक प्रयोग करने की कोशिश करनी चाहिए। अध्‍यक्ष महोदय ने प्रसन्‍नता जाहिर करते हुए कहा कि यह भी प्रसंशनीय है कि हिंदी के व्‍यापक प्रयोग के लिए निगमित कार्यालय के राजभाषा विभाग एवं सभी यूनिटों एवं कार्यालयों द्वारा भी समुचित प्रयास किया जा रहा है, इसकी मुझे बेहद खुशी है।

इस समारोह में निगमित कार्यालय, राजभाषा कार्यान्‍वयन समिति के सदस्‍यगण, वरिष्‍ठ अधिकारीगण, विभिन्‍न संघों के पदाधिकारीगण, सभी यूनिटों/कार्यालयों से पधारे अधिकारी और कर्मचारी तथा विभिन्‍न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागी भी शामिल थे। निगमित कार्यालय के श्री बी.बी.द्विवेदी, मुख्‍य प्रबंधक-मा.सं. ने धन्‍यवाद उद्बबोदन में आए हुए सभी अधिकारी/कर्मचारियों, अध्‍यक्ष तथा मुख्‍य अतिथि को अपना अमूल्‍य समय देने के लिए धन्‍यवाद दिया तथा इस कृतज्ञता ज्ञापन के साथ कार्यक्रम संपन्‍न हुआ।

हिंदी दिवस समापन समारोह का संचालन निगमित कार्यालय के राजभाषा अधिकारी, श्री जोनाथन व्‍हीलर ने सहायक प्रबंधक-राजभाषा, श्री अशोक कुमार सिंह एवं राजभाषा विभाग के सहयोग से किया।

Mr. K. L. Dhingra, CMD, ITI Ltd, addressing the gathering  


Ramakrishna B G
Chief Manager [Corporate Public Relations]
ITI Limited
Bangalore-560016
bgr_crp@itiltd.co.in